फोटो- 01 बीडीएनयूजेएचपीएच-05,06,07
एक बार फिर ओवरटेक बनी मौत की वजह
मृतक दोनों महिलाएं थीं चचेरी-तहेरी बहनें, अपनी साइड में था बाइक सवार
अमर उजाला ब्यूरो
उझानी (बदायूं)। अहीरटोला मोहल्ले के लायक सिंह और तेजपाल के परिवारों के लिए बुधवार का दिन मनहूस रहा। दोपहर तक दोनों के घरों में सबकुछ हंसी-खुशी गुजरा लेकिन इसके बाद एक हादसे में दोनों परिवार के तीन सदस्यों की मौत ने घरवालों को ऐसा सदमा पहुंचाया जो उन्हें ताउम्र उबरने नहीं देगा। बाइक से अपनी मां और मौसी के साथ ननिहाल में बीमार मामा को देखने के लिए घर से निकले देवेंद्र की तो पिछले साल ही शादी हुई थी। तीनों की मौत की वजह रोडवेज चालक की लापरवाही रही। हालांकि देवेंद्र हेलमेट नहीं लगाए था लेकिन अपनी साइड में था। रोडवेज बस की ओवरटेकिंग की वजह से तीनों की जान चली गई।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बदायूं रोड पर जजपुरा मंदिर के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से मृत बाइक सवार देवेंद्र सिंह पुत्र लायक सिंह, उसकी मां कृष्णा देवी और मौसी केरा देवी पत्नी तेजपाल यादव के घर अहीरटोला मोहल्ले में आसपास ही हैं। कृष्णा का दातागंज निवासी भाई पिछले कई दिनों से बीमार है, सो उसने बेटे से कहा था कि भइया को देखने के लिए जाना है। कृष्णा के साथ उसकी चचेरी बहन केरा भी देवेंद्र की बाइक पर सवार हो गई थी। हादसा स्थल के चश्मदीद लोगों में कछला निवासी संजय कश्यप की मानें तो बाइक सवार अपनी साइड में थे लेकिन रोडवेज बस के चालक ने ट्रक को ओवरटेक करते हुए रफ्तार कम नहीं की। बस ने सामने से तीनों को मौत के आगोश में पहुंचा दिया। देवेंद्र की तो शादी हुए अभी साल भर से ज्यादा भी नहीं हुआ है। पत्नी रजनी को जब हादसे की भनक लगी तो वह गश खाकर गिर पड़ी। पति और सास की मौत से वह सदमे में है। मोहल्ला समेत आसपास के लोगों का भी मृतकों के घरों पर भीड़ लग गई। जो भी पहुंचा, वह हादसे के बारे में सुनकर सिहर उठा।
---------
दोनों मृत महिलाएं नहीं कर पाई बेटियों के हाथ पीले
उझानी। इसे अजीब संयोग कहें या फिर कुदरत की मंशा कि कृष्णा और उसकी चचेरी बहन केरा देवी ककी संतानों में सबसे छोटे बच्चों में एक-एक बेटी है। कृष्णा के चारों बेटों की शादी हो चुकी है। बेटी संतोष के लिए परिवार के लोग वर ढूंढने में लगे थे लेकिन संतोष के हाथ पीले करने से पहले ही संतोष की मां और भाई की हादसे में जान चली गई। इसी तरह केरा देवी की तीन संतान में बड़े बेटे झब्बू सिंह की शादी हो पाई है। केरा का बेटा अमरपाल और बेटी मिथलेश की शादी नहीं हुई है।