जिला अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन खत्म होने पर हंगामा
दिनभर भटकते रहे मरीज
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। सोमवार को जिला अस्पताल में एंटी रैबीज वैक्सीन खत्म हो गई। इस पर मरीजों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर परेशान करने का आरोप लगाते हुए वैक्सीन लगवाने की मांग की। दोपहर तक मरीज अस्पताल में इधर-उधर भटकते रहे लेकिन एंटी रैबीज का इंतजाम नहीं हो सका।
एंटी रैबीज वैक्सीन के मामले में जिला अस्पताल प्रशासन की पहले भी पोल खुल चुकी है। उस समय करीब एक माह तक मरीजों को इधर-उधर भटकना पड़ा था। मरीजों ने प्रदर्शन भी किया था। जिला अस्पताल प्रशासन को काफी जिल्लत झेलनी पड़ी थी। उसी समय बाहर मेडिकल स्टोर पर एंटी रैबीज वैक्सीन बिकने का मामला भी सामने आया था। परंतु पोल खुलती देख मामले को वहीं का वहीं दबा दिया गया। सोमवार सुबह जिला अस्पताल की ओपीडी में पिछले दिनों तरह स्थिति देखने को मिली। दर्जनों मरीज ओपीडी में कक्ष संख्या 18 के बाहर लाइन लगाए रहे। बाद में उन्हें पता चला कि आज वैक्सीन ही खत्म हो गई है। इस पर मरीजों को काफी निराशा हुई। कुछ मरीजों ने वैक्सीन लगवाने के लिए सीएमएस डॉ. आरएस यादव से भी मांग की। परंतु वह मरीजों को कोई आश्वासन नहीं दे सके। इस पर मरीजों ने अस्पताल में हंगामा खड़ा कर दिया। काफी देर तक हंगामा चलता रहा। परंतु मरीजों को कोई आश्वासन नहीं मिल सका। दोपहर दो बजे तक मरीज अस्पताल में इधर-उधर भटकते रहे। तब तक उन्हें एंटी रैबीज वैक्सीन नहीं लग सकी। अंत में थकहार कर सभी मरीज वापस अपने-अपने घर के लिए चले गए।