विश्वविद्यालय परीक्षाएं
आज से, तैयारी पूरी
नकल करने वालों पर रहेगी तीसरी नजर
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की स्नातक व परास्नातक की परीक्षाएं सोमवार से शुरू होंगी। परीक्षा केंद्रों पर इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। पहले दिन बीकॉम प्रथम वर्ष ग्रेड ए, बीएससी कैमिस्ट्री एक का पेपर है। वैसे तो जिले में चार परीक्षा केंद्र हैं, लेकिन सोमवार को पहले दिन केवल दो केंद्रों पर सात सौ परीक्षार्थी परीक्षा में बैठेंगे। नकलचियों पर नकेल कसने के लिए परीक्षा केंद्र और कक्षों में कैमरे लगाए गए हैं।
यूपी बोर्ड में सीसीटीवी कैमरों के सफल प्रयोग के बाद में इसे विश्वविद्यालय की परीक्षाओं में भी लागू कर दिया गया है। अब स्नातक व परास्नाक की परीक्षाएं भी पूरी पारदर्शिता के साथ में सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाएंगी। इसके लिए शहर के नेहरू मैमोरियल शिव नारायण दास कॉलेज में 35 सीसीटीवी कैमरों को लगवाया गया है। सोमवार को बीकॉम प्रथम वर्ष के ग्रेड ए, बीएससी कैमिस्ट्री के पेपर से शुरुआत होगी। इसमें 700 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं।
------------------
डिग्री कॉलेज स्तर पर बनाए गए सचल दल
दास डिग्री कॉलेज में सोमवार से स्नातक व परास्नातक की परीक्षा शुरू हो रही है। नकलविहीन परीक्षा कराने को लेकर कॉलेज स्तर पर सचल दलों का गठन किया गया है। जो हर 20 से 25 मिनट के अंतराल पर हर कक्ष में चेकिंग करेंगे।
----
मोबाइल, जूतों पर पाबंदी
-चीफ प्रोक्टर संतोष कुमार ने बताया कि कॉलेज प्रशासन की ओर से निर्देश जारी किए है कि कोई परीक्षार्थी मोबाइल और जूते पहनकर परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं करेगा। मुख्य गेट पर परीक्षार्थियों की चेकिंग की जाएगी।