बदायूं। बिसौली क्षेत्र में बारात में गए सिलहरी गांव निवासी युवक की कमर में फायर लगने के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। युवक और उसके परिवार ने न तो कोई रिपोर्ट कराई और न ही वह इस बारे में कुछ बता रहे हैं। घटना को संदिग्ध माना जा रहा है। वहीं, घायल के परिवार के लोग कुछ ही देर बाद उसे रेफर करा ले गए।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव सिलहरी निवासी रमेश चंद्र मिश्रा का पुत्र अभिषेक मिश्रा (17) शनिवार को बिसौली थाना क्षेत्र के किसी गांव में बारात में शामिल होने गया था। वहां संदिग्ध हालात में अभिषेक की कमर के पास गोली लग गई। इससे वह घायल हो गया। परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल में लेकर आए। यहां उसे भर्ती करा दिया। हालांकि इसकी सूचना पुलिस को भी नहीं दी। मीडियाकर्मियों ने जब घटना के बारे में जानकारी करनी चाही तो परिवार के लोगों ने कुछ बताने से इंकार कर दिया। थोड़ी ही देर में वह अभिषेक को रेफर करा ले गए। सिविल लाइंस थाना पुलिस के साथ ही बिसौली पुलिस के पास घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। चर्चा थी कि किसी दोस्त या परिचित के तमंचे से यह गोली चली है जिसका जिक्र परिवार करना नहीं चाहता।