फोटो- 36, 37, 38 व 39
कोहरे में खून से लाल हुईं
सड़कें, युवक की मौत
सहसवान में जीप और टेंपो भिड़े, सात छात्र घायल
उसावां में रोडवेज से पटना मंदिर के पुजारी का बेटे की हालत नाजुक
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। बुधवार को घने कोहरे में कई जगह हादसों में सड़कें खून से लाल हो गईं। उघैती क्षेत्र में एक युवक की एक्सीडेंट में मौत हो गई, जबकि सहसवान में टेंपो में बैठे सात छात्र घायल हो गए। उसावां में दो जगह एक्सीडेंट में कई लोगों को चोर्ट आइं।
बरेली हाईवे पर चंदननगर खरैर के पास सड़क हादसे में साबिर अली उर्फ कल्लू घायल हो गया। साबिर टेंपो में थे और ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। इसी टेंपो में कासगंज के बांसीगांव निवासी अमिता उपाध्याय भी थीं, वह सड़क हादसे में घायल हो गईं।
उघैती। करनपुर निवासी सुघड़ सिंह (23) पुत्र सियाराम बाइक से इस्लामनगर से घर लौट रहा था। साथ में फैजगंजबेहटा निवासी बाबू (22) पुत्र नन्हे भी आ रहा था। रोड पर उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे सुघड़ सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायल बाबू को जिला अस्पताल भेजा गया।
सहसवान। कोहरे की वजह से बुधवार सुबह साढे आठ बजे सहसवान भवानीपुर मार्ग पर हादसा हुआ। टेंपो सवारियां लेकर नगर की ओर आ रहा था। चमनपुरा गांव के पास घने कोहरे में सामने से आ रही पिकअप गाड़ी ने टेंपो में टक्कर मार दी। इस हादसे में टेंपो सवार भवानीपुर खैरू निवासी प्राइवेट विद्यालय के कक्षा पांच के छात्र मोहम्मद कैफ व सैफ पुत्र अतीक अहमद, अब्दुल कादिर पुत्र छमक, ब्रजेश पुत्र मुनीश कुमार, संतोष कुमार पुत्र ओमकार सिंह, रूपकिशोर पुत्र श्रीपाल निवासी अलहदादपुर धोबई घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद कैफ, सैफ और अब्दुल कादिर को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शेष घायल इलाज के बाद अपने घर चले गए।
उसावां। घने कोहरे में बाइक और रोडवेज बस में आमने-सामने टक्कर हो गई। बुधवार सुबह दस बजे शाहजहांपुर जनपद के पौराणिक पटना देवकली शिव मंदिर के पुजारी अवधेश गिरी के पुत्र हिमांशु गिरि (22) बाइक से बदायूं से मंदिर लौट रहे थे। कलान की तरफ से आ रही फरुर्खाबाद डिपो की रोडवेज बस ने मुरादाबाद-फरुर्खाबाद हाईवे पर उसावां थाना क्षेत्र के ग्राम मिल्किया मोड़ पर सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि हिमांशु बाइक समेत काफी दूर जा गिरा। बस चालक बस लेकर बदायूं की ओर भाग गया। खेतों में मौजूद लोगों ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष हरिभान सिंह राठौर घायल को अपनी गाड़ी से कस्बे के सीएचसी पर ले गए। उसावां पुलिस की सूचना पर रोडवेज बस को म्याऊं पुलिस चौकी पर रोक लिया गया। बस चालक अतुल दुबे निवासी फतेहगढ़ जिला फर्रुखाबाद पुलिस हिरासत में है।
उसावां में ही गांव वाराकलां में सड़क किनारे तीन युवक घायल अवस्था में मिले। सीएचसी प्रभारी डॉ. सीपी आर्या ने बताया कि घायल नीरज पुत्र रासेवक, सोनू पुत्र राजेन्द्र और विजय पुत्र जयदेव शाहजहांपुर जिले के कलान के निवासी हैं। इन्हें एंबुलेंस 108 लेकर आई थी। इनको प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।