निरीक्षण में खाद की दुकान
पर मिलीं एक्सपायर दवाएं
लाइसेंस वैधता खत्म, फिर भी खुली मिली दुकान
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। डीएम दिनेश कुमार सिंह के निर्देश पर अलग-अलग विभागों की योजनाओं का स्थलीय सत्यापन कराया गया। इसमें विभागीय अधिकारियों के साथ दूसरे विभागों के अधिकारियों की नौ टीम बनाकर गांव में निरीक्षण कराया गया।
निरीक्षण में कृषि विभाग के अधिकारी भीमसेन और बीएसए प्रेमचंद्र यादव ने खाद, बीज व उवर्रकों की दुकानों को चेक किया। बिल्सी में जैन कृषि सेवा केंद्र का लाइसेंस दिसंबर 2017 तक होने के बावजूद दुकान खुली पाई गई। वहीं खाद विक्रेता सुनील का लाइसेंस भी 31 दिसंबर तक ही वैध मिला। वहीं इनके पास सात दिसंबर को एक्सपायर हो चुकी जैलोरा दवा भी मिली। एसई विद्युत प्रथम खंड, बिल्सी थाने के पुलिस अधिकारी को भेजकर ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की जांच कराई गई, जो रोस्टर के अनुसार ठीक मिली। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए जा रहे आवासों का भी अधिकारियों से स्थलीय निरीक्षण कराया। इस दौरान मालदेई का आवास निर्माणाधीन था और शौचालय अब तक नहीं बना मिला। अधिशासी अभियंता जल निगम व सीवीओ ने संयुक्त रूप से पशु चिकित्सालयों का निरीक्षण किया गया। वह ठीक मिली।