दो साल तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण के लिए चलाए गए सघन मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम में जिन अधिकारियों और कर्मचारियों ने लापरवाही बरती है, अब स्वास्थ्य विभाग उनकी सूची तैयार कर रहा है। जल्द ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
मातृ और शिशु मृत्यु दर रोकने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) ने मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम चलाया गया। इसका पहला राउंड आठ अक्टूबर को हुआ था जो दस दिनों तक चला। इसके तहत दो साल तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को सभी जरूरी टीके लगाए गए। दूसरा चरण में यह कार्यक्रम सात से 17 नवंबर तक चला। चूंकि इस कार्यक्रम की मॉनीटरिंग प्रधानमंत्री कार्यालय से हो रही थी सो सभी प्रशासनिक और सेहत महकमे के अधिकारी अभियान की सफलता को पूरी तरह से जुटे थे। ग्राम प्रधान, कोटेदार सभी का सहयोग लिया गया। फिर भी तमाम स्थानों से जिला और सेहत महकमे के अफसरों तक यह शिकायतें पहुंचीं कि कुछ कर्मचारियों-अधिकारियों, प्रधान और कोटेदारों ने वांछित सहयोग नहीं किया। इन शिकायतों को जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने गंभीरता से लिया है। डीएम ने सीएमओ डॉ. नेमी चंद्रा को महकमे के लापरवाह अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सीएमओ ने बताया कि डीएम के निर्देश पर मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम में लापरवाही बरतने वालों की सूची तैयार की जा रही है।