बदायूं/ सैदपुर। टहलने निकले तीन बच्चों को बेकाबू कार ने रौंद दिया। इसमें एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे ने एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। तीसरे बच्चे की हालत नाजुक है। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। इस पर गुस्साए ग्रामीणों में कार में तोड़फोड़ की और रोड पर पलटकर आग लगाने की कोशिश की। बदायूं-बिसौली हाईवे करीब दो घंटे तक जाम रखा। मौके पर पहुंचे सीओ बिसौली ने बमुश्किल जाम खुलवाया।
यह हादसा सोमवार शाम करीब छह बजे हुआ। तीन दिन पहले वजीरगंज थाना क्षेत्र के सुरसैना गांव के नबी जान का 11 वर्षीय बेटा सुहेल अपनी ननिहाल सैदपुर कस्बे के मोहल्ला कुर्मियान आया था। सोमवार शाम सुहेल सैदपुर के कुर्मियान मोहल्ले का 13 वर्षीय तौसीफ और 12 साल का अयान बदायूं-बिसौली हाईवे पर टहलने निकले। तभी तेजी से आई एक इनोवा कार ने तीनों को रौंद दिया। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर भाग गया। बच्चों की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तब तक सुहेल की मौत हो चुकी थी। मौके पर पहुंचे परिवार वाले घायल तौसीफ और अयान को उठाकर जिला अस्पताल ले गए। वहां उनकी हालत गंभीर देखकर डॉक्टर ने बरेली रेफर कर दिया। बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने के बाद अयान की मौत हो गई।
उधर, हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने इनोवा कार में बैठे एक व्यक्ति को पकड़कर पीटा। कार में तोड़फोड़ की और रोड पर पलटकर जाम लगा दिया। कुछ लोग कार में आग लगाने की कोशिश में थे। मगर इस बीच पहुंची पुलिस ने कार में सवार युवक को कब्जे में लेेने के साथ कार जलने से बचा ली। जाम की सूचना मिलने के बाद सीओ बिसौली मुन्नालाल पहुंच गए। भीड़ का आक्रोश देख एसओ वजीरगंज ओमकार सिंह को बुला लिया गया। सीओ ने कार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब कहीं दो घंटे बाद लोगों ने जाम खोला।