बदायूं। जिला अस्पताल में रविवार दोपहर नेत्र रोग विभाग के पास अज्ञात अधेड़ का शव पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने की काफी कोशिश की, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक की उम्र करीब 48 साल है।
जिला अस्पताल के दक्षिण की ओर स्थित नेत्र रोग विभाग के पास दोपहर में एक अधेड़ धूप में पड़ा था। अस्पताल स्टाफ को इस बारे में पता लगा तो उसको देखा। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई। माना जा रहा है कि अधेड़ बीमार था। वह दवा लेने जिला अस्पताल आया था। यहां उसकी मौत हो गई। शव मोर्चरी में रखवा दिया गया है।
---------
तीन दिन में मिले तीन अज्ञात शव, शिनाख्त किसी की नहीं
बदायूं। तीन दिन में अलग-अलग स्थानों पर तीन अज्ञात लोगों के शव मिल चुके हैं। गौर करने वाली बात यह है कि इनमें पुलिस किसी की भी शिनाख्त नहीं कर सकी है। दो शव का पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया जा चुका है।
शनिवार को वजीरगंज थाना क्षेत्र में सोई की पुलिया के पास बुजुर्ग का अज्ञात शव मिला था। इसकी पुलिस शिनाख्त नहीं कर सकी। इसके बाद रविवार को बिनावर थाने के गांव विजय नगला में महिला का शव मिला था। इसकी भी शिनाख्त नहीं हो सकी। इन दोनों को मानसिक मंदित बता दिया गया। अब सोमवार को लगातार तीसरे दिन एक और शव जिला अस्पताल में मिला, इसकी भी शिनाख्त नहीं हो सकी है। पहले भी जिले में अज्ञात शव मिलते रहे हैं। अज्ञात शवों की पहेली सुलझाने में पुलिस नाकाम नजर आ रही है।