बदायूं। जिले में बुधवार को चार नगर पंचायतों से अध्यक्ष पद के 12 प्रत्याशियों ने नामांकन कराया। वहीं 18 नगर पालिका और नगर पंचायतों में वार्ड सदस्य के पद पर 147 उम्मीदवारों ने परचा भरा। अब तक जिले में अध्यक्ष पद के 16 और सदस्य पद के 176 प्रत्याशी अपना नामांकन करा चुके हैं। बुधवार को अध्यक्ष व सदस्य पद के 359 परचे खरीदे गए। दहगवां नगर पंचायत से आम आदमी पार्टी से आरिफ पुत्र सुल्तान ने अध्यक्ष पद का पहला परचा भरा है। दहगवां में पहली बार निकाय चुनाव हो रहा है।
कस्बा के आरिफ बुधवार को कुछ लोगों के साथ नामांकन स्थल सहसवान पहुंचे और उन्होंने अपना पर्चा दाखिल किया। उनके अलावा फैजगंज बेहटा नगर पंचायत से पूर्व चेयरमैन इसरार खां और उनकी पत्नी चंदा बी ने अध्यक्ष पद को अपना नामांकन कराया है। यहीं से भट्ठा मालिक बब्बू खां और उनकी पत्नी निगहत बी ने भी अध्यक्ष पद को परचा भरा है। अब तक फैजगंज बेहटा से छह प्रत्याशी अपना नामांकन करा चुके हैं। इधर नगर पंचायत उसहैत से बुधवार को किराना व्यापारी सुरेंद्र कुमार, व्यापारी आसिफ न्याजी और आशा देवी ने अध्यक्ष पद का परचा भरा।
वहीं नगर पंचायत उसावां से अरूण प्रताप सिंह, उनकी पत्नी रागिनी सिंह चौहान, अनिल प्रताप सिंह और उनकी पत्नी प्रियंका सिंह ने अध्यक्ष पद पर नामांकन कराया है। सभी प्रत्याशी जोरशोर से नामांकन स्थल पहुंचें और उन्होंने अपना परचा भरा। इनके अलावा जिले की 18 नगर पालिका व नगर पंचायत से 147 प्रत्याशियों ने वार्ड सदस्य पद का नामांकन कराया है।
एक ही परिवार के सदस्य हैं उसावां के चारों प्रत्याशी
उसावां। उसावां नगर पंचायत से बुधवार को अपना नामांकन कराने वाले चारो प्रत्याशी एक ही परिवार से हैं। बताते हैं कि कस्बा निवासी अनिल प्रताप सिंह, उनकी पत्नी प्रियंका सिंह, उनके छोटे भाई अरूण प्रताप सिंह व उनकी पत्नी रजनी रागिनी सिंह चौहान ने परचा भरा है। चारो प्रत्याशी एक ही परिवार से हैं।
अध्यक्ष पद के दो और सदस्य पद के 17 दावेदारों ने खरीदे परचे
सहसवान। तहसील परिसर के नामांकन स्थल से बुधवार को 26 परचे खरीदे गए। इनमें सहसवान अध्यक्ष पद के लिए दो, सदस्य पद के लिए 17 औरदहगवां सदस्य पद के लिए सात नामांकन पत्र खरीदे गए जबकि दहगवां में अध्यक्ष पद के लिए कोई परचा नहीं खरीदा गया। अब तक 29 नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है।
मुड़िया नगर पंचायत को खरीदे गए 15 पर्चे
बिसौली। बुधवार को नामांकन स्थल पर बिसौली नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए सरिता वार्ष्णेय और शैलू महाजन ने परचा खरीदा। तो वहीं सदस्य पद के लिए 11 परचों की खरीदारी हुई। इस दौरान 12 नामांकन पत्र दाखिल भी हुए। वजीरगंज से सदस्य पद को 24 परचे बिके और 11 दाखिल हुए। अध्यक्ष पद को चार परचे खरीदे गए। सैदपुर नगर पंचायत से अध्यक्ष पद को एक, सदस्य पद को सात नामांकन पत्र बिके व तीन परचे दाखिल हुए। मुड़िया नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के चार और सदस्य पद के 11 परचे खरीदे गए। सदस्य पद के चार नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं।
अपने चिह्न पर प्रत्याशी उतारेगी रालोद
बदायूं। राष्ट्रीय लोकदल ने नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला कार्यालय पर बैठक की। संगठन के राष्ट्रीय सचिव योगेश यादव ने बताया कि प्रदेश हाई कमान की ओर से नगर निकाय चुनाव के लेकर सूचना दी गई है कि रालोद बदायूं की प्रत्येक सीट से अपने प्रत्याशी को मैदान में उतारेगी। जिलाअध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने बताया जल्द ही प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। संवाद