नाधा (बदायूं)। एक तरफ राजनीतिक दल हिंदू-मुस्लिम को बांटने की फिराक में रहते हैं, वहीं दूसरी ओर नाधा के मुस्लिम किसान ने मंदिर को जमीन दानकर एकता और सद्भाव का परिचय दिया है। किसान के पूरे परिवार ने आस्था और एकता को बरकरार रखते हुए जगह की नाप कराई, जिस पर शुक्रवार को मंदिर निर्माण भी शुरू हो गया।
जरीफनगर इलाके के नाधा निवासी तय्यूब अली के नाम करीब 19 बीघा जमीन है। उनके सात बेटे और एक बेटी है। उनकी खेती सहसवान-इस्लामनगर हाईवे पर है। तय्यूब अली के मुताबिक उनकी इच्छा थी कि कुछ जगह मंदिर के नाम करेंगे। इसके लिए वह काफी समय से कोठा निवासी बाबा अजयदास महाराज के संपर्क में थे। अब उन्होंने करीब छह विस्वा जमीन का बैनामा मंदिर के नाम कर दिया है। इस संबंध में शुक्रवार को राजस्व विभाग की ओर से लेखपाल गोवर्धन सिंह और इंस्पेक्टर जरीफनगर पंकज लवानिया मौके पर पहुंचे। राजस्व विभाग की टीम ने जगह की नाप कराई। उसके बाद जगह पर बाउंड्रीवॉल का निर्माण करा दिया गया।
----------------
मंदिर निर्माण को सहयोगी भी जुड़े
मंदिर के नाम जमीन देकर तय्यूब अली ने हिंदू मुस्लिम एकता का परिचय दिया है, तो वहीं नाधा निवासी अरुण गुप्ता ने एक हैंडपंप और सबमर्सिबल लगवाने की घोषणा की है। कोठा के निवासी कुंवरपाल यादव ने विद्युत व्यवस्था के लिए ट्रांसफार्मर का पैसा देने की बात कही है। आसपास के अन्य लोग भी सहयोग में जुट गए हैं।
--------------------
तय्यूब अली ने मंदिर के नाम जमीन देकर बहुत बड़ा कदम उठाया है। मंदिर आने-जाने वाले उनको हमेशा याद रखेंगे। भगवान उन पर कृपा बनाए रखे और उनकी मनोकामना पूरी करे।
- बाबा अजयदास महाराज
-------------------------
एक व्यक्ति ने दावा किया था कि तय्यूब अली के खेत में उसकी जमीन है। जमीन की नाप कराई गई तो उसकी जमीन नहीं निकली लेकिन उसी समय तय्यूब अली द्वारा बाबा को जो बैनामा किया गया था, उतना हिस्सा नपत करा दिया गया। उस जगह पर बाउंड्रीवॉल का निर्माण भी शुरू हो गया है।
-पंकज लवानिया, इंस्पेक्टर जरीफनगर
------------
बाबा ने तय्यूब अली से बैनामा कराया है। उसके हिसाब से हम लोग आज मौके पर पहुंचे थे और जगह की नाप कराई। उस जगह पर बाबा जी ने निर्माण भी शुरू करा दिया है। पैसे का लेन-देन हुआ है या नहीं, इसके बारे में मुझे जानकारी नहीं है।
-महेेंद्रपाल सिंह, कानूनगो