एरियर के लिए जिला
अस्पताल में प्रदर्शन
बदायूं। जिला अस्पताल के कर्मचारियों ने मंगलवार सुबह सीएमएस कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने हड़ताल कर दी और एरियर भुगतान कराने की मांग की। अस्पताल में हड़ताल से मरीजों को काफी परेशानी हुई। व्यवस्था गड़बड़ाते देखकर प्रभारी सीएमएस ने कर्मचारियों से 15 दिन का समय मांगा और उन्हें शांत कर हड़ताल खत्म कराई।
एक सप्ताह पूर्व जिला अस्पताल के कर्मचारियों ने सीएमएस और सीएमओ को ज्ञापन सौंप कर एरियर भुगतान कराने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि अगर उनका भुगतान नहीं किया गया तो वे 11 दिसंबर को अस्पताल में काम बंद कर देंगे। सोमवार शाम तक उनकी मांग पूरी नहीं हो सकी। इस पर कर्मचारियों ने मंगलवार सुबह आठ बजे से ही सीएमएस कार्यालय के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यालय के सामने दरी बिछा ली और नारेबाजी शुरू कर दी। करीब 11 बजे तक प्रदर्शन चलता रहा। कोई कर्मचारी ओपीडी, वार्ड और कार्यालय में ड्यूटी पर नहीं गया। इससे अस्पताल की व्यवस्था बिगड़ गई। मरीजों को धक्के खाने पड़े। प्रभारी सीएमएस डॉ. उदयवीर सिंह के पास कई मरीजों ने शिकायत की। इस पर प्रभारी सीएमएस ने कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया। कर्मचारी अपनी मांग पर अड़े रहे। सीएमएस ने आश्वासन दिया कि 15 दिनों में कर्मचारियों का एरियर भुगतान हो जाएगा। उन्होंने समझाबुझा कर कर्मचारियों को शांत किया और उनका धरना प्रदर्शन बंद कराया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी संघ के अध्यक्ष प्रकाशवीर, मंत्री गोविंद, शोएव अली, रवि प्रकाश, कमल, ब्रजेश मिश्रा, करनेश, उमाशंकर, किरन, संगीता देवी, उमेश कुमार आदि के अलावा सभी कर्मचारी मौजूद रहे।