बदायूं। दवा लेने कलान जा रहे बाइक सवार दंपति को उसावां थाना क्षेत्र में जखिया गांव के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें पति की जिला अस्पताल लाते समय मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। जिला अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया है। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
25 वर्षीय ज्ञानेंद्र पुत्र रामपाल अलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम नैथू के रहने वाले थे। उनकी पत्नी धर्मशीला (22) को कई दिन से बुखार आ रहा था। रविवार सुबह ज्ञानेंद्र पत्नी को दवा दिलाने के लिए बाइक लेकर कलान जा रहे थे। परिवारवालों के मुताबिक उनकी बाइक उसावां थाना क्षेत्र में जखिया गांव के पास पहुंची थी कि उसी समय सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान उधर से गुजर रहे लोगों ने तुरंत दंपति को घायल देखकर तुरंत यूपी 100 पुलिस को सूचना दे दी। इसके साथ ही एंबुलेंस को बुला लिया। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया, जहां डॉक्टर ने ज्ञानेंद्र को मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना की जानकारी होते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिवार वाले गांव के लोगों के साथ जिला अस्पताल पहुंच गए। तब तक पुलिस ने युवक के शव को मोरचरी में रखवा दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी शुरू कर दी है। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसकी एक चार वर्षीय बेटी है। पत्नी की हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है।