बस से कुचलकर बालक की मौत
बारात देखने गया था, बस ने कुचला, चालक और हेल्पर फरार
अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं।
पड़ोस में आई बारात देखने गया बालक बस से कुचल गया। बरेली के एक निजी अस्पताल ले जाने पर उसे मृत घोषित दिया गया। उधर, हादसे के बाद बस चालक और हेल्पर मौके से फरार हो गए। बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के सिरसाठेर गांव निवासी मनोहर की बेटी अंगूरी देवी की सोमवार रात बारात आई थी। रात करीब नौ बजे बारात चढ़ रही थी। मनोहर के पड़ोसी अशोक राजपूत का 13 वर्षीय बेटा राजकुमार उर्फ राजू बारात देखने गया था। इसी दौरान चालक ने बैंडबाजा वालों को ओवरटेक करके बस आगे निकालना चाही। बारात देख रहा राजू बस के आगे वाले पहिया के नीचे आ गया, जिससे उसके दोनों पैर कुचल गए। उसकी चीख निकलने पर लोगों को हादसे की जानकारी हुई। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल राजू को बस के नीचे से निकाला। ग्रामीण और परिवार वाले फौरन उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां उसकी हालत गंभीर देखकर बरेली रेफर कर दिया गया। बरेली के एक निजी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने राजू को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना मिलने पर घर में कोहराम मच गया। परिवार वाले शव लेकर यहां जिला अस्पताल आ गए। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया गया।
अशोक के चार बच्चों में तीन बच्चों में राजू सबसे बड़ा था। वह एक निजी पब्लिक स्कूल में कक्षा सात में पढ़ता था।
-------------------------
एक तरफ मातम, दूसरी ओर हुए सात फेरे
राजू की मौत के बाद सिरसाठेर गांव में मातम छा गया। सारी रात अशोक के घर में कोहराम मचा रहा। उधर, मनोहर ने चुपचाप तरीके से रात में बेटी की शादी की सारी रस्में पूरी कराईं। मंगलवार तड़के बेटी की विदा कर दी गई। इसके बाद रिश्तेदार भी चले गए।
--------------
हादसे में घायल ग्रामीण ने अस्पताल में दम तो
बदायूं। जरीफनगर थाना क्षेत्र में बदायू-दिल्ली रोड पर उस्मानपुर गांव के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और रोडवेज बस मे भिड़त हुई थी। इसमें एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई थी, और छह-सात लोग घायल हुए थे। सभी लोग लगुन चढ़ाने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर लौट रहे थे। घायलों में सहसवान थाना क्षेत्र के कमनपुरबेला निवासी श्रीपाल भी शामिल था। उसका बरेली के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। जहां इलाज के दौरान मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। इसका पता लगने पर परिवार में कोहराम मच गया। ब्यूरो