बदायूं। नगर निकाय चुनाव की मतगणना के मद्देनजर डीएम-एसएसपी ने गुरुवार को अपने अधीनस्थ अफसरों और कर्मचारियों को शांति निष्पक्षता का पाठ पढ़ाया। पुलिस लाइंस में आयोजित बैठक में डीएम दिनेश कुमार सिंह और एसएसपी चंद्र प्रकाश ने मतगणना स्थल के भीतर एवं बाहर पर किन बातों पर विशेष ध्यान रखना चाहिए इस बारे में विस्तार से बताया।
जिले की छह मंडी समिति में शुक्रवार को होने वाली मतगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है। डीएम ने कहा कि मतगणना हाल के अंदर प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की जांच हो। मतगणना के दौरान मौजूद प्रत्याशियों और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं पर कड़ी नजर रखी जाएगी। परिणामों की घोषणा के बाद कोई विजयी प्रत्याशी विजय जुलूस नहीं निकाले इस पर खास ध्यान रखा जाए। एसएसपी चंद्र प्रकाश ने बताया कि मंडी समिति परिसर के अंदर और बाहर अभेद्य सुरक्षा रहेगी। सुरक्षा के लिए जिले के सभी थानों के जवानों और थानाध्यक्षों को लगाया गया है।