88 प्रतिशत रहा सीबीएसई 12वीं का रिजल्ट
बदायूं। सीबीएसई की ओर से गुरुवार को 12 वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया गया। रिजल्ट पिछले साल के मुकाबले कुछ बेहतर रहा। पिछली बार 12वीं में लड़कियां लड़कों पर हावी रही थीं, लेकिन इस बार ओवरऑल लड़कों ने बाजी मारी। हालांकि पिछले साल की तुलना में रिजल्ट केवल एक प्रतिशत ही बढ़ पाया। इस बार यह 88 तो पिछली बार 87 प्रतिशत रहा था।
जिले में इस बार केंद्रीय विद्यालय, एसडीबी स्कूल, एपीएस स्कूल, आरके पब्लिक, फ्लोरेंस नाइटिंग स्कूल, समेत 10 स्कूलों के विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा जिले के चार सेंटरों पर हुई, जिसमें ब्लूमिंगडेल स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, मदर एथीना स्कूल और बीआरबी मॉडल स्कूल शामिल था। कुल 789 पंजीकृत विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इसमें 481 छात्र व 308 छात्राएं थी। इस बार रिजल्ट पिछले साल से थोड़ा बेहतर रहा। इस बार 88 प्रतिशत परीक्षार्थी पास हुए, जबकि पिछले साल 828 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें 509 लड़के व 319 लड़कियां शामिल थी और रिजल्ट 87 प्रतिशत रहा था।
---
अचानक आए रिजल्ट ने उड़ाई सबकी हवा
स्कूल संचालकों की मानें तो 12वीं का रिजल्ट मई के दूसरे हफ्ते के बाद में आना था, जिसको लेकर वह तैयारियां कर रहे थे, लेकिन गुरुवार दोपहर को अचानक पता चला कि 12वीं का रिजल्ट घोषित हो गया। फिर भी कई विद्यालय संचालकों ने इसको गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन उन्होंने एहतियात के तौर पर सीबीएसई के अधिकारियों से वार्ता की, तो पता चला कि रिजल्ट घोषित हो गया। ऐसे में स्कूल संचालकों ने तुरंत ही स्टाफ को बुलाकर रिजल्ट देखने की व्यवस्था की।