बदायूं। शासन के निर्देश पर एक अप्रैल से जिले में गेहूं खरीद केंद्र तो खोल दिए गए, लेकिन चार दिनों के बाद भी किसी भी केंद्र पर गेहूं की खरीद शुरू नहीं हो सकी है। विभाग की मानें तो अभी खरीद शुरू होने में कुछ दिनों का वक्त और लग सकता है। किसानों के नहीं आने पर कर्मचारी दिन भर अपने अन्य कामों को निपटाते नजर आए।
शासन की ओर से गेेहूं का समर्थन मूल्य घोषित करते हुए जिला प्रशासन को एक अप्रैल से सभी केंद्र खोलने के निर्देश दिए गए, ताकि किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके। इसके तहत अब किसानों का गेहूं सरकारी क्रय केंद्र पर 1840 रुपये में खरीदा जाएगा, साथ ही किसानों के लिए उतराई, छनाई, सफाई के लिए 20 रुपये प्रति क्विंटल अलग से मिलेगा, लेकिन इस सुविधा का लाभ लेने के लिए किसानों को सरकार के पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा, तभी उन्हें सरकारी योजना का लाभ मिल सकेगा। जिन किसानों ने पिछले साल रजिस्ट्रेशन कराया है, तो उन्हें दोबारा रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत नहीं होगी। क्रय केंद्र खुलने के चार दिन निकल जाने के बाद भी किसी भी केंद्र पर एक भी दाने की खरीद नहीं हो सकी है।
गेहूं खरीद के लिए विभाग की ओर से तैयारी पूरी है। सभी केंद्र सक्रिय है। हालांकि अभी किसी भी केंद्र पर खरीद शुरू नहीं हो सकी है। सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि किसी भी किसान को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।
-प्रकाश नारायण, जिला विपणन अधिकारी