पॉलिथीन पकड़ने को मार्केट
में छापा, एक पर जुर्माना
एसडीएम की अगुवाई में कार्रवाई से दुकानदारों में अफरा-तफरी
अमर उजाला ब्यूरो
उझानी (बदायूं)। पॉलिथीन के इस्तेमाल की शिकायतों के बाद गुरुवार को एसडीएम पारसनाथ मौर्य की अगुवाई में पालिका और पुलिस कर्मियों ने मेन मार्केट में छापामार अभियान चलाया। इसकी भनक लगते ही कई दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों से खिसक गए, लेकिन एक स्थान पर पॉलिथीन मिलने पर एक हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
एसडीएम सदर पारसनाथ मौर्य गुरुवार दोपहर में पालिका कार्यालय पहुंचे। एसडीएम पर ईओ का भी अतिरिक्त प्रभार है। पालिका कर्मियों के साथ बैठक के बाद वह पुलिस और कर्मचारियों के साथ दुकानों पर पॉलिथीन बरामद करने के लिए निकल पड़े। स्टेशन रोड, घंटाघर मार्केट, बिल्सी और कछला रोड बाजार में पालिका कर्मियों ने करीब एक दर्जनों प्रतिष्ठानों पर छापे मारे। एक दुकान पर ही पॉलिथीन मिली। दुकानदार से एक हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया। बाद में सब्जी विक्रेताओं और ठेले-खोमचे चेक किए गए। पॉलिथीन के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध बताते हुए पालिका कर्मियों ने इसके नुकसान के प्रति दुकानदारों को सजग रहने की हिदायत भी दी। एसडीएम ने कहा कि किसी भी दुकानदार ने पॉलिथीन की थैली में सामान रखकर ग्राहक को दिया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।