बदायूं। वाहनों की तेज रफ्तार ने अलग-अलग स्थानों पर दो लोगों की जान ले ली। मरने वालों में एक महिला शामिल है। हादसों में महिला के बेटे समेत दो लोग घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने टक्कर मारने वाले वाहनों को कब्जे में ले लिया है। साथ ही दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मूसाझाग थाना क्षेत्र के ग्राम किसनी महेरा निवासी करीब 45 वर्षीय मैना देवी पत्नी बाबूराम रविवार दोपहर अपने बेटे नरवीर के साथ बाइक पर मां को देखने अलापुर के गांव खरखोली जा रहीं थीं। रास्ते में पड़ौआ गांव के पास एक बारात घर के सामने उनकी बाइक में पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। अचानक टक्कर लगने पर मैना देवी बाइक से नीचे गिर गईं। तभी उसी ट्रक का पहिया मैना देवी के ऊपर उतर गया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। जबकि बाइक गिरने से नरवीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया। फिर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कादरचौक। कासगंज जिले में सिकंदपुर वैश्य थाना क्षेत्र के ग्राम वक्ती नगला निवासी 48 वर्षीय विजेंद्र पुत्र नवाब सिंह और उनका छोटा भाई अजीत (30) रविवार शाम करीब चार बजे बदायूं से मावा बेचकर बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। कादरचौक इलाके में सिमरा गांव के पास उनकी बाइक में पीछे से तेज रफ्तार में आई पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर विजेंद्र नीचे सड़क पर जा गिरा। उसी पिकअप का पहिया ऊपर उतर जाने से विजेंद्र की मौके पर मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद पिकअप रोड से नीचे जाकर खाई में पलट गई। उस दौरान उधर से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। इस पर पुलिस पहुंच गई लेकिन एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। पुलिस ने प्राइवेट वाहन से दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया। जहां विजेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया। घायल अजीत को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक के शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है।