उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के बदायूं डिपो द्वारा क्षेत्र के दिल्ली-बदायूं वाया बिल्सी, इस्लामनगर, बहजोई, संभल मार्ग पर संचालित की जाने वाली रोडवेज बस, यात्रियों के लिए मुसीबत बन गई है। यह आए दिन रास्ते में खराब होकर रोक दी जाती है। कभी-कभी तो दिल्ली के लिए जाती ही नहीं है। जिससे क्षेत्र के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यात्रियों का कहना है कि सुबह साढ़े पांच एवं छह बजे बदायूं डिपो की बस रोजाना बिल्सी से दिल्ली के लिए जाती है। बस की स्थिति इतनी खराब है कि रास्ते में कई स्थानों पर बंद हो जाती है। जिससे यात्रियों का काफी समय बर्बाद होता है। इधर बस चालकों का कहना है कि बस की स्थिति के बारे में डिपो के अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया हैै। मगर किसी ने कोई ध्यान नहीं दिया है। लोकेश बाबू, ललतेश शर्मा, कमलेश कुमार, केके माहेश्वरी, आरके लक्ष्य, पुरुषोत्तम शाक्य, प्रेमशंकर कोहली, अरविंद गुप्ता, योगेश कुमार शर्मा ने बदायूं डिपो के एआरएम से इस रूट पर सुबह बिल्सी से जाने वाली नई रोडवेज बस लगाए जाने की मांग की है। ताकि यात्रियों को दिल्ली तक जाने में कोई परेशानी उठानी न पड़े।