मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक (जेडी) डॉ.अंजना गोयल ने मूल्यांकन केंद्रों का निरीक्षण किया। तीनों केंद्रों पर व्यवस्थाएं सही चलती मिलीं। जेडी ने निर्धारित समय के अंदर उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के उपनियंत्रकों को निर्देश दिए। जेडी ने कई परीक्षकों से भी मूल्यांकन के बारे में जानकारी ली। साथ ही उनके द्वारा जांची गईं कुछ उत्तर पुस्तिकाओं को भी देखा।
यूपी बोर्ड की इंटर की राजकीय इंटर कॉलेज, श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज व इस्लामियां इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 17 मार्च से चल रहा है। मूल्यांकन 15 दिनों तक चलना है। इसी बीच बुधवार को जेडी डॉ.अंजना गोयल सबसे पहले श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र पहुंचीं। साथ में जिला विद्यालय निरीक्षक मुन्ने अली भी थे। यहां पर उन्होंने कई शिक्षकों के पास पहुंचकर मूल्यांकन के कार्य को देखा। परीक्षकों से मूल्यांकन के बारे में जानकारी ली। निर्देश दिए कि मूल्यांकन में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाए। यदि किसी तरह की समस्या हो तो तत्काल ही डीआईओएस या फिर उप नियंत्रक को बताया जाए।
बाद में वह इस्लामियां इंटर कॉलेज और अंत में राजकीय इंटर कॉलेज मूल्यांकन केंद्र पहुंचीं। यहां पर भी उन्होंने बारीकी से मूल्यांकन कार्य को देखा। राजकीय इंटर कॉलेज में कुछ परीक्षक खाली बैठे थे। जेडी ने उनसे बात की तो परीक्षकों ने कहा कि उन्हें जितनी उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन को मिलीं वह उन्होंने जांच लीं हैं। इस पर जेडी ने उपनियंत्रक को निर्देश दिए कि वह ऐसे परीक्षकों को और उत्तर पुस्तिकाएं दें। जेडी ने परीक्षकों से केंद्रों पर मिलने वालीं सुविधाओं के बारे में भी बात की। डीआईओएस मुन्ने अली ने जेडी को अवगत कराया कि मूल्यांकन तीनों केंद्रों पर सुचारू तरीके से चल रहा है।
अब रोज दो घंटे अधिक होगा मूल्यांकन
चूंकि एक अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो रहा है इसलिए उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन समय से पूरा कराने के लिए दो घंटे का समय बढ़ा दिया गया है। अब तक सुबह 10 से शाम पांच बजे तक मूल्यांकन होता था। अब सुबह नौ से शाम छह बजे तक मूल्यांकन होगा।
मची रही परीक्षकों में खलबली
-जेडी डॉ.अंजना गोयल के मूल्यांकन केंद्रों पर पहुंचने से परीक्षकों में खलबली मची रही। कुछ परीक्षक तो निरीक्षण के समय इधर-उधर खिसक लिए।