गांधी ग्राउंड में तिराहे पर लगा जाम।
- फोटो : अमर उजाला
बदायूं। बुधवार की दोपहर कश्मीरी चौक पर भीषण जाम लगा। इसमें कई कारें, स्कूली वाहन और एंबुलेंस फंस गईं। रेलवे स्टेशन टाइम से नहीं पहुंचने पर कइयों की गाड़ी छूट गई। वाहनों की लंबी लाइन लगने की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। जाम के झाम में फंसे वाहनों को निकालने के लिए डंडे फटकार कर रास्ता खुलवाया।
यूं तो शहर में तंग सड़कों पर दुकानदारों के फैले सामान को लेकर जाम लगता रहा है। बुधवार दोपहर कश्मीरी चौक पर जल्दबाजी करने वालों ने अपने वाहनों को जबर्दस्ती निकालने के चक्कर में चौराहे पर जाम लगा दिया। इंदिरा चौक रोड पर कारों, टेंपो और एक सरकारी और एक निजी अस्पताल की एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं। जाम से निकलने की कोशिश में रिक्शा और बाइक चालकों ने हालत और खराब कर दी। इस बीच बरेली से कासगंज जाने वाली ट्रेन को पकड़ने जा रहे यात्रियों की ट्रेन भी जाम में फंसने से छूट गई। आधा घंटे लगे जाम की सूचना पर पहुुंची कोतवाली पुलिस ने डंडे फटकारकर जाम खुलवा दिया। इस दौरान ट्रैफिक पुलिस कहीं नहीं दिखी।
---
यहां पर खराब है ट्रैफिक व्यवस्था
सराफा बाजार, टिकटगंज, चूना मंडी, नेहरू चौक, जिला महिला अस्पताल, रोडवेज, इंदिरा चौक, जेल चौराहा पर आए दिन जाम लगता है। हालांकि कुछ जगहों पर ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था होने से जाम पर काबू पा लिया जाता है। वहीं जिन चौराहों पर पुलिस की व्यवस्था नहीं है तो वहां पर भीषण जाम लगता है।