बदायूं। जिला प्रशासन ने अब गांवों को ओडीएफ करने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की महिलाओं का सहयोग लिया है। ये महिलाएं गांव-गांव जाएंगी और समूह बनाकर महिलाओं को खुले में शौच न करने के लिए जागरूक करेंगी।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर सें प्रशिक्षण प्राप्त 15 गांवों की महिलाओं को स्वच्छ भारत मिशन से जोड़ा गया है। ये एक हजार महिलाएं जिले के गांवों में समूह बना कर जाएंगी और महिलाओं की चौपाल लगा कर उन्हें खुले में शौच करने से होने वाली बीमारियां और नुकसान के बारे में समझाएंगी। इसमें सालारपुर, उसावां और आसफपुर की महिलाओं का चयन किया गया है।
------------------------
ग्राम मोंगर में चलाया सफाई अभियान
सिलहरी। स्वच्छता पखवाड़े के तहत राष्ट्रीय आजीविका मिशन की महिलाओं की ओर से स्वच्छता रैली निकाली गई। सालारपुर विकास खंड कार्यालय से ग्राम मोगर, बावट, सिलहरी, दहेमी, पडौलिया, भगवतीपुर, गुरुकुल विनायक, बरातेगदार ,कासिमपुर, हुसैनपुर आदि ग्रामों में गठित स्वयं सहायता समूह से जुड़ी सैकड़ों महिलाओं ने गांव को स्वच्छ करने के उद्देश्य से रैली निकाली।
जिला विकास अधिकारी सेवा राम चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया। समूह से जुड़ी महिलाओं ने रैली के दौरान नारे लगाते हुए ग्रामीणों को छोड़ो जंगल जाना घर में शौचालय बनवाना आदि नारे लगाकर जागरूक किया और खुले में शौच जाने से होने वाली बीमारियां के बारे में बताया। इसके अलावा महिलाओं और अधिकारियों ने झाड़ू लगाई। आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक तकसीर अहमद ने बैठक मे मौजूद महिलाओं को ओडीएफ की विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर बीडीओ सलारपुर सचिदानन्द ,एडीओ पंचायत जानकी प्रसाद शर्मा, ग्राम पंचायत अधिकारी चंद्रकांत, ग्राम प्रधान वावट जमुना सिंह फौजी, ग्राम संगठन अध्यक्ष कामिनी राठौर आदि मौजूद रहे।