बदायूं।
25 जुलाई को बिनावर में बाबा गंगागिरी की मढ़ी पर हुई भजन गायक मुनेंद्र की हत्या के मामले में पुलिस ने खेल कर दिया। मृतक के परिजनों की तहरीर में नामजद आरोपी को ही वादी बनाते हुए उसकी तहरीर पर गांव के रहने वाले धनपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पीड़ित परिवार की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसपी देहात डॉ. सुरेंद्र पाल सिंह ने सीओ सिटी को जांच दे दी है।
बिनावर के आमनाबाद के रहने वाला भजन गायक मुनेंद्र पाल सिंह की हत्या 25 जुलाई की सुबह मढ़ी पर कुल्हाड़ी से काटकर कर दी गई थी। मृतक के भाई राकेश कुमार ने धनपाल के अलावा बाबा गंगा गिरी और रामपाल के खिलाफ बिनावर थाने में हत्या की तहरीर दी थी। रिपोर्ट दर्ज करने के बजाय जांच की बात कहकर बिनावर पुलिस पीड़ित परिवार को टहलाती रही। इस बीच पुलिस ने पीड़ित के भाई राकेश की ओर से दी गई तहरीर में आरोपी बाबा गंगा गिरी को मामले में वादी बनाकर धनपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसओ बिनावर संजय राय ने बताया कि जांच में पाया गया कि घटना के वक्त मौजूद बाबा गंगा गिरी मौजूद थे इसलिए उनकी तहरीर पर हत्यारोपी सिरफिरे धनपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। मामले की विवेचना की जा रही है, अगर उसमें कोई और नाम सामने आता है तो उसे विवेचना में शामिल कर लिया जाएगा।