बृहस्पतिवार शाम तालाब किनारे शौच को गया था
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव अतरपुरा में 11 वर्षीय आलिम की तालाब में डूबकर मौत हो गई। वह बृहस्पतिवार शाम तालाब किनारे शौच को गया था। तभी पैर फिसलने से वह तालाब में गिर गया। रात करीब नौ बजे उसका शव तालाब से निकाला जा सका।
ग्राम अतरपुरा निवासी 11 वर्षीय आलिम पुत्र स्व. इसरार तीन भाई बहन में सबसे बड़ा था। बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे वह अपनी मां अरवीना से शौच जाने की बात कहकर घर से निकला। बताते हैं कि घर के नजदीक एक बड़ा तालाब है। तभी अचानक पैर फिसलने से वह तालाब में जा गिरा। उस दौरान तालाब किनारे कोई नहीं था। इससे बालक के तालाब में डूबने के बारे में परिवार वालों को पता नहीं चला। देर शाम तक आलिम घर नहीं आया तो परिवार वालों ने उसकी खोजबीन शुरू की।
रात नौ बजे परिवार वाले उसे तलाश करते हुए तालाब किनारे पहुंचे। वहां तालाब मे फिसलने का निशान बना हुआ था। यह देखकर गांव के कुछ लोग तालाब में घुस गए। उन्होंने बमुश्किल बालक के शव को बाहर निकाला। सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। मोहल्ले वालों ने बताया कि आलिम का परिवार काफी गरीब है।