बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव मूसापुर में शुक्रवार की तीन घरों में अचानक आग लगने से तीस हजार रुपये की नकदी समेत तीन लाख से अधिक का सामान राख हो गया।
गांव निवासी सोहनपाल के घर में रात करीब एक बजे अचानक आग लग गई, जिससे घर में रखी 15 हजार रुपये की नकदी समेत घर का सारा सामान आग में जलकर राख हो गया। इसके बाद इनके पड़ोसी टीकाराम कश्यप के घर में आग लग गई। यहां भी करीब 15 हजार रुपये की नकदी समेत सारा सामान जल गया। पड़ोसी मुन्नालाल के घर में गिरी आग की चिंगारी से उनके घर में भी आग लग गई। इसके बाद लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिस पर गांव के लोग उनके घर की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीण पानी डालकर आग पर काबू पाते तब तक घर के अंदर रखी सरसों एवं गेहूं की फसल के अलावा कीमती कपड़े, बर्तन आदि सामान आग की लपटों की भेंट चढ़ चुके थे। तहसीलदार संजय कुमार आर्य ने लेखपाल को मौके पर जाकर इसकी जांच कर रिपोर्ट तहसील को देने के निर्देश दिए हैं। अग्निकांड में करीब तीन लाख से अधिक की संपत्ति जलने का अनुमान है।