बदायूं। गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने ब्लॉक वजीरगंज के गांव सैदपुर, वनकोटा, वरीपुरा, कतगांव और पैपल में मतदाता चौपाल लगाकर मताधिकार का प्रयोग करने के लिए लोगों को जागरूक किया।
डीईओ ने कहा कि पांच वर्ष के बाद एक बार मतदान करने का मौका आता है। ऐसे मौके को छोड़ना नहीं चाहिए। सभी लोग शत-प्रतिशत अपने मताधिकार का 23 अप्रैल को प्रयोग अवश्य करें। मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्र पर मतदाता पर्ची, वोटर आईडी के अलावा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 11 प्रकार के पहचान पत्रों में एक पहचान पत्र लाना होगा। मतदाता सूची में जिस व्यक्ति का नाम हो वहीं पोलिंग बूथ पर जाए। इसके अलावा कोई भी व्यक्ति मतदान केंद्र के आसपास नजर नहीं आना चाहिए। मताधिकार का प्रयोग करके पोलिंग बूथ पर न रुकें। इसके बाद में डीईओ ने गांव के बड़े बुजुर्गों को मतदाताओं को पुष्प माला पहनाकर सम्मानित किया। ब्यूरो