दातागंज (बदायूं)। एजेंडा जारी होने के बावजूद बैठक रद्द होने से नाराज क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने शनिवार दोपहर ब्लॉक कार्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया। इससे काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। बाद में एकत्र प्रधानों और ब्लॉक कर्मचारियों ने उन्हें बमुश्किल समझाकर शांत किया।
क्षेत्रीय समस्याएं निपटाने और विकास कार्य कराने को शनिवार को ब्लॉक कार्यालय पर क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक होनी थी। कुछ समय पूर्व इसका एजेंडा जारी हुआ था। नियत तिथि के मुताबिक शनिवार सुबह क्षेत्र के सभी सदस्य एकत्र होकर समरेर ब्लॉक कार्यालय पहुंचे। कुछ लोग सभागार में बैठ गए और बैठक शुरू होने का इंतजार करने लगे। उसी समय कर्मचारियों ने बताया कि बैठक रद्द कर दी गई है। यह सुनते ही सदस्य गुस्से में आकर बाहर निकल आए और नारेबाजी करने लगे। शोर शराबा सुनकर ब्लॉक कर्मचारी मुनीश शाक्य और ब्रजपाल सिंह, ग्राम प्रधान विदेश कुमार सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने सदस्यों को बमुश्किल शांत किया। उसके बाद सभी सदस्य लौट गए। इस दौरान रामसरन, अंगनलाल, पुत्तूलाल, किशनपाल, धर्मपाल, पिंकी, रामलड़ैते, राजेंद्र आदि समेत करीब 40-50 सदस्य मौजूद रहे।
-------------------
ब्लॉक प्रमुख ने एजेंडा रिसीव नहीं किया था। उन्होंने बैठक में उपस्थित होने से इंकार कर दिया। इससे बैठक को स्थगित करना पड़ा। जल्द ही ब्लॉक प्रमुख से मिलकर दूसरी तारीख तय की जाएगी।
-अभय प्रताप सिंह, बीडीओ