फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क किनारे खड़े किसान को कार ने मारी टक्कर, टांग कटी

विज्ञापन
विज्ञापन
बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर हंगामा हो गया। एक बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़े किसान को टक्कर मार दी, जिससे उसका एक टांग घुटने के नीचे से कट गई जबकि दूसरी टूट गई। इससे गुस्साए लोगों ने कार सवार लोगों की पिटाई लगा दी और कार में तोड़फोड़ करते हुए मौके पर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर वाहन फंस गए। सूचना पर पहुंचे सीओ उझानी और एसडीएम सदर ने बमुश्किल लोगों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया।
विज्ञापन

हादसा सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बिल्सी रोड स्थित ग्राम बहेड़ी पर हुआ। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे 45 वर्षीय करन सिंह अपने घर के बाहर सड़क किनारे खड़े थे। उसी समय बिल्सी की ओर से तेज रफ्तार में आई कार करन सिंह को टक्कर मारते हुए चबूतरे से टकरा गई। इससे करन सिंह की एक टांग कट गई तो दूसरी टूट गई। यह देखकर मौके पर मौजूद लोग आपा खो बैठे। उन्होंने तुरंत कार चालक संतोष (30) निवासी फरीदाबाद और उसके साले अंकुर (20) निवासी अल्फाखां सराय शहर कोतवाली को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने दोनों की जमकर पिटाई लगाई। उन पर लाठी-डंडे बरसाये और कार को ईंट-पत्थर मारकर तोड़ डाला। कुछ लोग घायल करन सिंह को जिला अस्पताल ले गए।
-------------------------
पुलिस के सामने भी बेकाबू रही भीड़
बदायूं। मौके के हालात देखकर राहगीरों ने पुलिस को तुरंत सूचना दी, जिस पर शेखूपुर चौकी इंचार्ज धर्वेंद्र सिंह पहुंच गए। उन्होंने परिवार वालों से सड़क से नहीं हटने पर कार्रवाई की चेतावनी दी, जिससे परिवार वाले और बौखला गए और उन्होंने सड़क पर जाम लगा दिया। वे वहीं पल्ली बिछाकर बैठ गए। पुलिस ने परिवार वालों को काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। शहर कोतवाल ओमकार सिंह, सीओ उझानी भूषण वर्मा और एसडीएम सदर पारसनाथ मौर्य मौके पर पहुंचे। महिला थाना पुलिस भी आ गई। अधिकारियों ने परिवार वालों से कहा कि वे नहीं मानेंगे तो उनके खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ये सुनकर परिवार वाले माने और जाम खोला। पुलिस ने घायल चालक और उसके रिश्तेदार को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चालक की टांग में भी गंभीर चोटें आई हैं।
विज्ञापन

-------------------------
गुस्सा नहीं थमा तो ट्रैक्टर लाकर कार में मारी टक्कर
हादसे के बाद मौजूद परिजनों और ग्रामीणों में इतना गुस्सा था कि वे कुछ भी करने को तैयार थे। पुलिस के सामने भी लोग जमकर हंगामा कर रहे थे। हालांकि पुलिस उन्हें समझाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे। एक युवक तो मौके पर ट्रैक्टर ले आया और उसने खड़ी कार में टक्कर मार दी। इससे कार का अगला हिस्सा और ज्यादा चकनाचूर हो गया। बाद में पुलिस ने जैसे तैसे भीड़ को शांत किया।
-------------------------
ग्राम बहेड़ी के पास बनेगा ब्रेकर हादसे के बाद ग्रामीणों ने कहा कि वे कई बार अधिकारियों से मांग कर चुके हैं कि गांव के पास दोनों ओर ब्रेकर बनाए जाएं, जिससे वाहनों की रफ्तार थम सके। परंतु कई बार शिकायत करने के बावजूद आज तक ब्रेकर नहीं बनाए गए। इससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। एसडीएम सदर पारसनाथ मौर्य ने 24 घंटे में ब्रेकर बनवाने का आश्वासन दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें