बगैर फार्मेसिस्ट के चल रहा
था मेडिकल, बंद कराया
औषधि निरीक्षक ने कब्जे में लिए रिकार्ड
अमर उजाला ब्यूरो
बिसौली (बदायूं)। जिला औषधि निरीक्षक नवनीत कुमार ने शुक्रवार दोपहर नगर के आरके मेडीकल स्टोर पर छापा मारा। इस दौरान मेडिकल स्टोर पर बगैर किसी फार्मेसिस्ट के दवा बिक्री हो रही थी। औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर बंद करा दिया है और उसके रिकार्ड जब्त कर लिए हैं।
नगर में स्थित आरके मेडिकल स्टोर थोक दवाइयों के विक्रेता है और थोक का लाइसेंस है। इसके स्वामी कन्हईलाल एक मामले में करीब दो सप्ताह से जेल में हैं। जिला औषधि निरीक्षक नवनीत कुमार की छापामारी के दौरान कई अनाधिकृत लोग मेडिकल स्टोर पर रिटेल में दवा बिक्री करते पाए गए। स्टोर पर कोई फार्मेसिस्ट नहीं मिला। जो कागजात मिले, औषधि निरीक्षक ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया। मेडिकल स्टोर पर बैठे मिले लोगों से कागजात चेक कराने को कहा है। साथ ही उन्होंने मेडिकल स्टोर पर दवा बिक्री बंद करा दी है। यहां बता दें कि नगर में दर्जन भर से अधिक मेडिकल स्टोर ऐसे हैं, जिन पर थोक के लाइसेंस हैं और रिटेल में दवा बेच रहे हैं।