बिल्सी। बिजनौर-बदायूं हाईवे पर सोमवार को एक बस हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। इससे बस में आग लग गई। चालक ने जैसे तैसे सीट से कूद कर अपनी जान बचाई। मौके पर जमा हुए लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। इस तरह से एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
बिल्सी नगर के निकलते ही हाईवे पर हिंदुस्तान नाम का एक ढाबा है। इस पर कई दिनों से एक प्राइवेट बस खड़ी हुई थी। तभी किसी दुकानदार ने बस हटाने के लिए कहा। इस पर एक कार के चालक ने बस को बैक कर दिया। इससे हाइवे से गुजर रही हाईटेंशन की लाइन से बस टकरा गई। इससे बस में करंट दौड़ने पर अगले दो पहियों में आग लग गई। जैसे ही चालक को करंट का एहसास हुआ तो उसने सीट से नीचे छलांग लगा दी। इससे उसकी जान बच गई। साथ ही मौके पर एकत्रित हुए लोगों ने बिजली सप्लाई बंद कराकर बस पर पानी डाल कर आग पर काबू पाया। तब तक बस के अगले पहिए आग में जलकर राख हो गए थे। मौके पर पहुंचे जेई धर्मात्मा कुमार ने घटना स्थल का निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों को हाईटेंशन लाइन का खिचाव कराने के निर्देश दिए।