अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं। डीएम अनिता श्रीवास्तव के निर्देश पर सीएमओ ने बुधवार सुबह जिला महिला अस्पताल में अचानक छापा मारा तो ओपीडी बंद मिली और सभी डॉक्टर और कर्मचारी गायब थे। सीएमओ ने सीएमएस कार्यालय में रखा हाजिरी रजिस्टर देखा तो कई डॉक्टरों की एडवांस में उपस्थिति दर्ज थी। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए सीएमएस रेखा रानी से नाराजगी जाहिर की। सीएमओ के अचानक छापा मारने पर जिला महिला अस्पताल में खलबली मच गई। सीएमओ ने अनुपस्थित मिले डॉक्टरों और कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काट दिया है। साथ ही उनका स्पष्टीकरण मांगा है।
बुधवार सुबह आठ बजे डीएम अनिता श्रीवास्तव को जिला महिला अस्पताल में निरीक्षण करना था। मगर अचानक उनकी तबीयत खराब हो गई। इधर, डीएम के निर्देश पर सीएमओ डॉ. नेमी चंद्रा अचानक जिला महिला अस्पताल जा पहुंचे। यहां पहुंचते ही वह सबसे पहले सीएमएस रेखारानी के कार्यालय पहुंचे, हाजिरी रजिस्टर चेक किया तो डॉ. नाजिया, डॉ. निकहत परवीन, डॉ. रुचि गुप्ता, डॉ. रबिया बेगम, डॉ. राजीव रोहतगी सहित 26 नियमित और संविदा कर्मचारी अनुपस्थित मिले। जबकि करीब आठ डॉक्टरों और कर्मचारियों की एडवांस में उपस्थिति दर्ज थी। सीएमओ के पूछने पर सवालों में घिरी सीएमएस रेखा रानी जवाब नहीं दे सकीं। इसी दौरान डॉक्टर और कर्मचारी पहुंच गए, कहने लगे कि वे अस्पताल में ही थे। सीएमओ ने सभी रजिस्टर अपने कब्जे में ले लिए। मेडिकल स्टोर में पांच कर्मचारियों के मिलने पर उनके नाम और कितने लोगों की यहां तैनाती रहती है इस संबंध में जानकारी मांगने पर जवाब मिला सिर्फ एक। इस पर सीएमओ ने बाकी के चार लोगों के खिलाफ कार्रवाई को नोटिस जारी कर दिया। इसी दौरान वहां पहुंचीं डॉ. रुचि गुप्ता ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि वह अस्पताल में मौजूद थीं इसके बाद भी सीएमओ ने अनुपस्थिति दर्ज कर दी।
-------------
सीएमओ के पास निरीक्षण करने का नहीं है अधिकार: डॉ. शोभा निरीक्षण के दौरान डॉक्टरों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति लगाने पर स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. शोभा अग्रवाल सीएमओ से भिड़ गईं, बोलीं सीएमओ को महिला अस्पताल के निरीक्षण करने का अधिकार कब से मिल गया। डॉ. शोभा का कहना था सिर्फ सीएमएस रेखा रानी ही महिला अस्पताल का निरीक्षण कर सकती हैं। काफी देर हुई कहासुनी के बाद सीएमओ चेतावनी देते हुए एसएनसीयू वार्ड का निरीक्षण करने चले गए। वार्ड में कोई बच्चा भर्ती नहीं था। ऑक्सीजन सिलेंडर चेक किए तो सभी दुरुस्त मिले। महिला ओपीडी वार्ड में गंदगी मिलने पर सीएमओ नेमी चंद्रा ने सफाई कर्मचारी को फटकार लगाते हुए उसे हटाने के निर्देश दिए। बच्चा वार्ड में गंदगी मिलने पर सीएमएस से पूछा कि सफाई कर्मचारी आते है या नहीं। इस पर जवाब मिला की सफाई कर्मचारी आज आने में लेट हो गए थे। ----------------
बंद ओपीडी कक्षों की सीएमओ ने खुद की रिकार्डिंग
सीएमएस कार्यालय, मेडिकल स्टोर, महिला वार्ड का निरीक्षण करने के बाद सीएमओ नेमी चंद्रा टीम के साथ महिला अस्पताल के ओपीडी काउंटर पहुंचे यहां उन्होंने पर्चा बना रहें कार्मिक से उनके बारे में जानकारी ली, परिवार काउन्सलर ड्यूटी से अनुपस्थित मिलीं। निरीक्षण के दौरान महिला चिकित्सालय के सभी ओपीडी वार्ड भी खाली थे, एक दो ओपीडी वार्ड खुले तो वहां कुर्सियां खाली पड़ी थीं। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रुचि गुप्ता, संविदा आयुष चिकित्सक डॉ. रबिया, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव रोहतगी, लेब टैक्नीशियन तनवीर हसन, एचआईवी काउंसलर सुषमा देवी, आरकेएस ऑपरेटर प्रमोद कुमार, रश्मि, एनएनएम सदव खानम, फरहा आदि अपने वार्ड से गायब थे। नाराजगी जताते हुए सीएमओ नेमी चंद्रा ने सीएमएस रेखा रानी के सामने ही अपने मोबाइल से खाली पड़े सभी ओपीडी वार्ड की वीडियो रिकार्डिंग कर ली।
--------
वर्जन-
जिला महिला अस्पताल में निरीक्षण के दौरान डॉक्टर सहित 26 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। डॉ. शोभा अग्रवाल ने बदसलूकी की है। संतोषजनक कार्य नहीं मिलने पर अनुपस्थित कर्मियों का एक दिन का वेतन रोकने के साथ उनका स्पष्टीकरण मांगा है।
- नेमी चंद्रा, सीएमओ
---
अधिकतर डॉक्टर और कर्मचारी निरीक्षण के समय जिला महिला अस्पताल में मौजूद थे। सुबह साढे़ आठ बजे तक सभी की उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज होती है। आठ बजे ही सीएमओ निरीक्षण के लिए अस्पताल पहुंच गए थे।
-डॉ. रेखा रानी, सीएमएस, जिला महिला अस्पताल