अमर उजाला ब्यूरो
बदायूं।
कई दिनों के बाद शहर में लगभग आधा घंटे जमकर बरसात हुई। स्थिति यह हो गई कि पूरा शहर जलमग्न हो गया। गलियों में जलभराव हो गया। दुकानों और निचले स्तर पर बसे मुहल्लों के घरों में पानी भर गया। मुख्य सड़कों पर जलभराव के चलते करीब दो घंटों तक आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। पुलिस मैदान, राजकीय इंटर कॉलेज पूरी तरह तालाब में तब्दील हो गए। बाबूराम मार्केट, नगर पालिका रोड जोगीपुरा, गांधी ग्राउंड, कचहरी रोड आदि पर जलभराव से लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ीं। नाले-नालियों चोक होने के कारण सड़कों पर कीचड़ बाहर आ गई।
दोपहर लगभग पौने तीन बजे एकाएक बरसात शुरू हो गई। मूसलाधार होने के कारण पूरे शहर में हर तरफ पानी ही पानी नजर आने लगा। लगभग सभी सड़कें पूरी तरह पानी में डूब गईं। पटियाली सराय, कचहरी रोड, लावेला चौक, गांधी ग्राउंड रोड, गांधी नगर, इस्लामियां कालेज, शिवपुरम, महिला और जिला अस्पताल के पीछे, नेकपुर, जोगीपुरा, लोचीनगला, आवास विकास, ट्यूवबैल कॉलोनी, मीरा सराय, नई सराय, नई बस्ती, मधुवन कॉलोनी आदि में सड़कों पर भारी जलभराव हो गया।
अस्पताल रोड और मुख्य बाजार, बाबूराम मार्केट आदि की दुकानों के अंदर पानी घुस गया। इसके अलावा घरों में भी पानी आधे से एक फुट तक जमा हो गया। लिहाजा, लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों ने बताया कि घरेलू सामान भी नष्ट हो गया।
राजकीय इंटर कॉलेज, गांधी ग्राउंड, पुलिस मैदान, बदायूं क्लब, वाटर वक्र्स कम्पाउंड, रोडवेज, पनबडिया बिजलीघर पूरी तरह तालाब में बदल गए। जोगीपुरा, छह सड़का, सुभाष चौक, तोताराम मार्केट, बाबूराम मार्केट की सड़कों पर तो पानी एक से दो फुट ऊपर तक था। जिसके चलते दुपहिया और चार पहिया वाहन भी फंस गए।
--
कम नहीं हुई गर्मी, बढ़ गई उमस
बदायूं। कई दिनों से गर्मी पड़ रही है। सो जब दोपहर को काले-काले बादल आकाश में घिरे तो लोगों को लगा कि बरसात के बाद गर्मी से राहत मिल जाएगी। आधा घंटे मूसलाधार बरसात के बाद भी गर्मी में कमी नहीं आई। वहीं उमस और ज्यादा बढ़ गई।
--
प्राइवेट बस स्टैंड पर कीचड़ से यात्री दुखी
बदायूं। बरसात के बाद प्राइवेट बस स्टैंड पर लगा गंदगी का ढेर सड़क पर आ गया। काफी कीचड़ हो जाने से यात्रियों को बेहद दिक्कतें उठानी पड़ीं। स्थिति यह थी कि पैदल गुजरना भी मुश्किल हो रहा था।
--
पालिका की सफाई की खुली पोल
बदायूं। काफी दिनों बाद हुई तेज बरसात ने फिर से नगर पालिका परिषद की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी है। नाले-नालियों पूरी तरह से चोक पड़े हैं जिसकी वजह से कीचड़ सड़कों पर आ गई है। लोगों का कहना था कि पालिका हर साल बरसात से पहले नाले-नालियों की सफाई कराती थी लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ। जिसकी वजह से नाले-नालियों चोक हैं और बरसात होने पर उनकी कीचड़ सड़कों पर आ जाती है। आज भी लोग पालिका प्रशासन को कोस रहे थे।
--
किसानों के चेहरे खिले, फसल को हुआ फायदा
बदायूं। शहर के अलावा जिन क्षेत्रों में आज बरसात हुई है उससे किसानों को फायदा हुआ है। कई किसानों ने बताया कि बरसात से सबसे ज्यादा धान की फसल को लाभ हुआ है। धान को इस वक्त पानी की बहुत जरूरत है। किसानों का कहना है यदि एक-दो बार और इसी तरह वर्षा हो जाती है तो उन्हें सिंचाई की जरूरत नहीं पड़ेगी।
--
26 एमएम हुई बरसात
बदायूं। सहायक संग्रह अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि आज करीब 26 एमएम बरसात हुई है। इससे ज्यादा बरसात जुलाई माह में 30 से 32 एमएम हुई थी। बोले-अगस्त माह में ठीक-ठाक वर्षा हुई है।