उझानी। गंगा स्नान को आते-जाते समय सड़क हादसों में बाइक और कार सवार 10 श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों में चार साल की मासूम बच्ची भी शामिल है।
पहला हादसा बरेली-मथुरा हाईवे पर करूआ पुल के पास रविवार प्रात: 10 बजे हुआ। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव कुरऊ निवासी जगन्नाथ (48) बाइक से गंगा स्नान करने आए थे। बाइक पर उनकी पत्नी ऊषा (47) और चार साल की नातिन पल्लवी भी थी। लौटते में सड़क पर कुत्ता आ जाने के बाद वह बाइक पर नियंत्रण खो बैठे। बाइक गिर जाने से तीनों घायल हो गए। गंगा स्नान कर लौटते में अल्लापुर चमारी निवासी पुष्पेंद्र (25) पुत्र जयसिंह अपनी आठ वर्षीय भांजी राखी और छह साल के भांजे अनमोल के साथ गंगा स्नान को निकले। रास्ते में उन्हें सामने से कार ने टक्कर मार दी। तीनों घायल हो गए।
इसके अलावा पूर्वाह्न वितरोई मोड़ के पास सड़क किनारे पेड़ की मोटी टहनी टूट कर बाइक और श्रद्धालुओं की कार पर गिर पड़ी। बाइक सवार बिल्सी के बार्ड नंबर-24 निवासी रवि शर्मा (40), विकास (26) और मोहित शर्मा (27) समेत कार सवार एक युवक घायल हो गया। घायल कार सवार को परिजन निजी उपचार के लिए कछला ले गए। जबकि इन हादसों में अन्य घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक उपचार कराया गया। घायलों में रवि, मोहित, जगन्नाथ, पल्लवी, पुष्पेंद्र, अनमोल और राखी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।