- दिल्ली से ही आसपास के दर्जनों जिलों में सप्लाई होती थी नकली क्रीम
- सैलून और ब्यूटी पार्लर में इसी नकली क्रीम की होती है सप्लाई
- फैक्टरी का भंडाफोड़ कर जब्त किया एक करोड़ रुपये का सामान
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। नूरपुर क्षेत्र के गांव मुबारकपुर नवादा में पिछले चार सालों से नकली सौंदर्य प्रसाधन बनाने की फैक्टरी संचालित हो रही थी। औषधि निरीक्षक और पुलिस ने फैक्टरी का भांडाफोड़ करते हुए एक करोड़ का सामान जब्त किया। जाकिर की नकली क्रीम का कारोबार दिल्ली तक फैला था। दिल्ली से आसपास के जिलाें में नकली क्रीम सप्लाई हो रही थी।
शुक्रवार रात नूरपुर पुलिस औैर मंडल स्तरीय औषधि विभाग की तीन सदस्तीय टीम ने संयुक्त रूप से सौंदर्य प्रसाधन की अवैध फैक्टरी पर छापा मारा। यह फैक्टरी मुबारकपुर नवादा में मोहम्मद जाकिर पुत्र मम्मद चला रहा था। जाकिर ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह हरिद्वार से सौंदर्य कंपनियों से समाप्ति तिथि की सौंदर्य प्रसाधन सामग्री को सस्ते दामों में खरीदारी करता है। इस क्रीम काे अपनी फैक्टरी में लाकर ब्रांडेड कंपनियों के नाम से पैकिंग कर पिछले चार सालों से दिल्ली सप्लाई कर रहा था। दिल्ली से ही सैलून और ब्यूटी पार्लर में इस नकली क्रीम को सप्लाई किया जा रहा है। 17 घंटे चली इस कार्रवाई में एक करोड़ रुपये का सामान जब्त किया गया है।
यह सामान किया जा रहा था तैयार
फैक्टरी में नकली क्रीम से ब्लीचिंग पाउडर, फेस क्रीम, शैंपू आदि सामग्री तैयार की जा रही थी। इतना ही नहीं ब्रांडेड कंपनियों लोटस, ग्रीन वेड, अरोमा, गार्नियर आदि ब्रांडेड कंपनियों के पाउच में नकली क्रीम की सप्लाई की जा रही थी।
कोट
नूरपुर क्षेत्र में सौंदर्य प्रसाधन बनाने की अवैध फैक्टरी संचालित होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद कुछ लोगों को इसकी जांच में लगाया गया था। पूरी सूचना मिलने के बाद तीन सदस्यीय टीम गठित की गई थी। टीम ने नूरपुर पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की है - उमेश भारती, औषधि निरीक्षक
सौंदर्य प्रसाधन की अवैध फैक्टरी चलाने वाले जाकिर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जाकिर से प्राप्त जानकारी के आधार पर अवैध कार्य में शामिल अन्य लाेगों की भी गहनता से जांच की जा रही है - राम अर्ज, एसपी देहात