संवाद न्यूज एजेंसी
नांगलसोती। पुरानी रंजिश के चलते तीन युवकों ने तिसोतरा में सरेआम एक युवक के घर के सामने हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग के आवाज से ग्रामीण सहम गए। फायरिंग करने में शामिल एक युवक का सितंबर माह में अवैध तमंचे के साथ फायरिंग करने का वीडियो वायरल हुआ था। तिसोतरा निवासी सजल, सुमित और कामराजपुर निवासी चारू ने बुधवार को बाइक पर सवार होकर तिसोतरा निवासी सागर के घर के सामने पहुंचे और फायरिंग कर दी। युवकों की सागर से पुरानी रंजिश चली आ रही है। सूचना पर पुलिस के गांव पहुंचने से पहले ही तीनों युवक वहां से भाग निकले। सागर की मां सीमा ने पुलिस को तहरीर देकर युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक सजल का सितंबर माह में एक नलकूप पर चार अवैध तमंचों के साथ फायरिंग करते हुए वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
उधर, सीओ नितेश प्रताप सिंह का कहना है कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर युवक को गिरफ्तार करने के लिए टीम भेजी गई है।