नहटौर। काशीपुर से मेला देखकर लौट रहा एक युवक ट्रैक्टर-ट्राली से नीचे गिर गया। परिजनों ने घायल अवस्था में युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बिजनौर थाना क्षेत्र के ग्राम बाबरपुर निवासी दीपू पुत्र राजकुमार अपने परिवार सहित काशीपुर मेले में गया था। बताया जाता है कि जब वह वहां से वापस लौट रहे थे। नहटौर-हल्दौर मार्ग पर दीपू अचानक ट्रैक्टर-ट्राली से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे आनन-फानन में नगर के सीएससी में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दीपू की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन बिना कोई पुलिस कार्रवाई किए दीपू के शव को अपने साथ ले गए। संवाद