सऊदी अरब के जीजान शहर में पानी के प्लांट में काम करता था युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर। मोहल्ला जनवा सराय निवासी 24 वर्षीय जीशान की सऊदी अरब में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों कोहराम मचा है।
पिता महमूद ने बताया उनका बेटा जीशान सऊदी अरब के जीजान शहर में एक पानी के प्लांट में काम करता था। मंगलवार की रात परिजनों की उससे फोन पर बात हुई थी। इसके बाद वह सोने चला गया। बुधवार की सुबह जीशान बेहोशी की हालत में कमरे में मिला।
कंपनी स्वामी उसे चिकित्सक के यहां ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों को जब जीशान की मौत की खबर मिली तो घर में मातम पसर गया। जीशान का भाई फैजान भी सऊदी अरब में ही रहता है। परिजनों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद वहीं शव का दफीना कर दिया गया।