संदिग्ध हालात में युवक की मौत
हरेवली। हरेवली में गांव के ही युवक का दोनों पैर कटा शव गांव के पास स्थित विद्युत ट्रांसफार्मर के पास मिला। शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। परिजनों का आरोप है कि हत्या कर शव को विद्युत ट्रांसफार्मर के पास लाकर फेंका गया है।
हरेवली निवासी कर्मवीर सिंह ने बताया कि उनका 20 वर्षीय पुत्र भूपेंद्र मंगलवार रात्रि गांव निवासी एक व्यक्ति के यहां जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने की बात कहकर घर से गया था, लेकिन रात्रि को घर नहीं लौटा। रात में ही काफी तलाश किया। कहीं पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह सात उनके पुत्र का शव गांव के ही पास रखे विद्युत ट्रांसफार्मर के समीप से बरामद हुआ। उसके दोनों पैरों में जख्म थे। ऐसा लग रहा था कि जैसे दोनों पैरों को काटा गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस क्षेत्राधिकारी सुनीता दहिया के आदेश पर पुलिस ने शव को पीएम के लिए बिजनौर भेजा। सीओ का कहना है कि प्रथम दृष्टया युवक की मौत करंट से होना प्रतीत हो रहा है। उसके पैरों पर विद्युत तार लिपटा हुआ था। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम के बाद ही पता चल पाएगा। परिजनों का आरोप है कि युवक की हत्या कर शव को विद्युत ट्रांसफार्मर के पास लाकर फेंका गया है। मृतक के परिजनों की ओर से अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है।