बुखार से युवक की मृत्यु
अफजलगढ़। गांव हीरापुर गोकुल उर्फ गढ़वावाला निवासी सुरेंद्र (35 वर्षीय) पुत्र कीर्ति की मौत हो गई। उसकी मौत से परिवार में मातम पसर गया। युवक के बहनोई अनिल कुमार ने बताया कि सुरेंद्र रुड़की स्थित कंपनी में काम करता था। वह दस दिन पूर्व छुट्टी पर गांव आया। तीन दिन से उसको बुखार आया। निजी चिकित्सक से उसका उपचार कराया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद चिकित्सक ने बाहर ले जाने की सलाह दी। परिजन उसे काशीपुर के निजी अस्पताल ले गए। वहां से उसे मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले गए। बाद में उसे दिल्ली के किसी अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान सोमवार सुबह सुरेंद्र की मृत्यु हो गई। घटना से युवक के परिजनों में कोहराम मच गया। सुरेंद्र अपने पीछे पत्नी व तीन बच्चे छोड़ गया है। उधर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कासमपुरगढ़ी के प्रभारी रजनीश कुमार ने गांव में टीम भेजकर बुखार पीड़ितों की जांच कराने की बात कही है।