ससुराल वालों की शिकायत पर चौकी पर लेकर आई थी पुलिस
बिजनौर। थाना धामपुर की मानपुर शिवपुरी चौकी पर पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत हो गई। युवक के आत्महत्या किए जाने की चर्चा है, पुलिस बीमारी से मौत होने की बात कह रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मरने वाला युवक राजीव चांदपुर थाना क्षेत्र के सैंथवार का रहने वाला था और पिछले सात साल से गांव दौलतपुर सुक्खा स्थित अपनी ससुराल में रह रहा था। रविवार की शाम उसके ससुर घासीराम ने पुलिस को सूचना दी कि उसका दामाद राजीव शराब पीकर इधर-उधर घूम रहा है और टोकने पर उसके साथ मारपीट की। पुलिस राजीव को चौकी पर ले आई थी। चर्चा है कि उसने अपने ही कपड़े से खुद का गला घोट लिया। एसपी दिनेश सिंह ने बताया कि मरने वाला कई दिनों से शराब पीकर ससुराल में झगड़ा कर रहा था। उसके ससुर ने तहरीर पर पुलिस लेकर आई थी। दो सिपाही मौके पर मौजूद थे। तबीयत बिगड़ने से उसकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम से सही स्थिति स्पष्ट होगी। संवाद