बस-बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत
कोतवाली देहात। बस तथा बाइक की टक्कर में बाइक सवार की उपचार के दौरान मौत हो गई। बाइक सवार की मौत का समाचार सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। थाना कोतवाली शहर के ग्राम मोमिनपुर दर्गा निवासी योगेश कुमार (35) पुत्र मानसिंह गुरुवार की रात्रि अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह मोहित पेपर मिल के सामने आया विपरीत दिशा से आ रही बस ने योगेश को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद योगेश सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने योगेश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। योगेश छह बहनों का इकलौता भाई था। परिजनों के अनुसार चार बहनों के बाद योगेश का जन्म हुआ था। योगेश के दो पुत्री तथा एक पुत्र है। योगेश के बड़े पुत्र की आयु मात्र सात वर्ष है। योगेश की पत्नी रेखा गर्भवती है। योगेश बिजनौर स्थित एक शोरूम में नौकरी करता था।