बिजनौर में रक्षाबंधन के त्योहार पर एक परिवार पर मातम छा गया। गुरुवार को बहन से राखी बंधवाने के बाद वापस अपने काम पर लौट रहे बाइक सवार युवक की हादसे में मौत हो गई। बताया गया कि कार की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। उधर, युवक की मौत का समाचार सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। युवक नगीना में एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर काम करने आ रहा था।
नगीना देहात थाना क्षेत्र के ग्राम ब्राह्मण वाला निवासी 26 वर्षीय दीपक कुमार नगीना में एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान पर काम करता था। गुरुवार की सुबह वह अपनी बहन से राखी बंधवाकर बाइक से नगीना काम पर आ रहा था। नगीना रायपुर रोड स्थित गांव हैजरपुर के पास सामने से तेज गति से जा रही एक कार की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बाइक चालक दीपक ने कुछ देर बाद ही मौके पर दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को नगीना सीएचसी लाई, जहां से पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया गया। नगीना स्थित जिस इलेक्ट्रॉनिक की दुकान पर मृतक युवक काम करता था। उसके स्वामी ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे उसकी दीपक से फोन पर बात हुई थी। तब उसने राखी बंधवाकर कुछ देर से काम पर आने की बात कही थी। उन्होंने बताया कि दिन में करीब 12 बजे जब दीपक की मौत का समाचार उन्हें मिला तो वह खुद सकते में पड़ गए।
यह भी पढ़ें: सादिक हत्याकांड: अदालत ने दो अभियुक्तों को सुनाई आजीवन कारावास की सजा, खौफनाक था मामला
भाई की मौत से सदमे में बहन
भाई-बहन के असीम प्रेम के पर्व रक्षाबंधन के दिन अपनी छोटी बहन से राखी बंधवाकर काम पर आ रहे दीपक की मौत का समाचार सुनकर उसकी बहन व परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।