चांदपुर। थाना क्षेत्र के गांव निवासी युवक ने कुछ लोगों पर घर में घुसकर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया है। युवक का कहना है कि बीच-बचाव करने आई उसकी बहन और मां के साथ भी मारपीट व बदसलूकी की गई। पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में युवक ने बताया कि एक गांव की लड़की उससे काफी समय से फोन पर बातचीत करती थी। उसने कई बार उससे फोन पर बातचीत करने से मना किया, लेकिन वह धमकी देती थी कि बात नहीं करने पर जान दे देगी और उसे फंसा देगी। इससे वह मानसिक रूप से परेशान था। 11 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे आरोपी लड़की उसके घर में जबरन घुस आई। उसने घर से जाने के लिए कहा तो लड़की का भाई और आठ-दस लोग भी घर में घुस आए। सभी ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। उसे बचाने के लिए उसकी बहन और मां मौके पर पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और बदसलूकी की। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। सीओ देश दीपक सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।