शेरकोट। सोमवार को कुछ युवक मोहल्ला अचारजान स्थित सिंचाई विभाग के नर्सरी मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। इस बीच विवाद के बाद कुछ युवकों ने शिवम पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। आलोक सैनी ने प्राथमिकी में बताया कि क्रिकेट खेलते समय उसके भांजे शिवम की गेंद पास बैठे युवकों के पास चली गई। गेंद वापस मांगने पर आरोपियों ने शिवम के साथ गाली गलौच कर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जानकारी मिलने पर परिजन और मोहल्लेवासी मौके पर पहुंचे। घायल शिवम को अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर परिजन और मोहल्लेवासी थाने पहुंचे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मोहल्ला काजियान निवासी आरोपी मोहम्मद शमी, शादान, सिराज सहित दो अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। सीओ अफजलगढ़ आलोक कुमार का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल कराई जा रही है।