आपकी इच्छाशक्ति, दवा हमारी, छूट जाएगा तंबाकू...
बिजनौर। नशे के घेरे में लोग फंसते जा रहे हैं। इसी संकट को दूर करने के लिए नया कदम उठाया गया है। लोगों की तंबाकू और सिगरेट की लत छुड़ाने के लिए जिला अस्पताल में निकोटिन गम की व्यवस्था की गई है। अस्पताल में सभी चिकित्सकों के काउंटर पर चिगम के डब्बे रखवा दिए गए हैं। काउंसलर ऐसे मरीजों को समझा रहे हैं कि आपकी इच्छाशक्ति के साथ हमारी निकोटिन गम तंबाकू छुड़ा देगी।
सरकार नशा मुक्त भारत बनाने पर जोर दे रही है। जिसके चलते लोगों में नशे की लत छुड़ाने के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इसी बीच जिला अस्पताल में तंबाकू और सिगरेट की आदत छुड़ाने के लिए चिगम की शुरूआत की गई है। हालांकि दूसरे जिलों में पहले से यह व्यवस्था शुरू हो गई है। जिला अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक कम लोग ही निकोटिन गम का सेवन कर रहे हैं। जिससे पता चलता है कि लोग अभी नशा छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। जिला अस्पताल में चिगम के 100 से ज्यादा डिब्बे आए हैं। एक डिब्बे में 150 गम हैं। इस गम में निकोटिन की चार एमजी तक की मात्रा है। इसमें तंबाकू और सिगरेट से कम मात्रा में निकोटिन है। चिगम से इसकी लत को छुड़ाया जा सकता है।
जिला अस्पताल में निकोटिन गम सभी चिकित्सकों के काउंटर पर रखवा दी गई है। अगर कोई मरीज मांगता है तो उसे निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। जानकारी न होने से कम लोग ही गम ले रहे हैं। वहीं तंबाकू छोड़ने वालों की काउंसलिंग भी कराई जा रही है।
- डॉ. अरुण कुमार पांडेय, सीएमएस