भूतपुरी रामगंगा घाट पर अपने भाई की चिता को मुखाग्नि देती छोटी बहन जॉनी।
- फोटो : DHAMPUR
छोटी बहन ने दी भाई की चिता को मुखाग्नि
अफजलगढ़। गांव आलमपुर गांवड़ी में एक सप्ताह पहले हुए सड़क हादसे में घायल हुए युवक की रविवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक दो बहनों में इकलौता भाई था। युवक का रामगंगा भूतपुरी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। छोटी बहन ने उसकी चिता को मुखाग्नि दी।
गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले सड़क दुर्घटना में घायल होने पर आलमपुर निवासी कपिल कुमार (18) पुत्र कमल कुमार, निखिल कुमार पुत्र मनोज कुमार को सीएचसी में भर्ती कराया गया था। हालत गंभीर होने पर दोनों घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया था। कपिल की मुरादाबाद के अस्पताल में उपचार के दौरान रविवार को मौत हो गई। कपिल अपने पिता का इकलौता पुत्र और दो बहनों का अकेला भाई था। उसका शव घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिवार में मृतक की मां और पिता व दोनों बहनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सभी ग्रामीणों की आंखों में आंसू थे। सोमवार को उसकी छोटी बहन जोनी ने अपने भाई की चिता को मुखाग्नि दी। यह माजरा देखकर हर कोई दुखी और व्यथित था। हर किसी की आंखों में आंसू र्थे।