शहर कोतवाली में मृतक के पिता मोहम्मद हनीफ ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि दो दिन पहले बड़े बेटे सलीम और छोटे बेटे नदीम के बच्चों में विवाद हो गया था। इसी बात को लेकर बुधवार की रात करीब साढ़े दस बजे फिर से दोनों की पत्नी में कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों भाइयों में बहस होने लगी। तब मामला शांत करा दिया गया।
सलीम चारपाई पर सो गया, तभी नदीम लोहे का सब्बल लेकर आया और गर्दन पर वार करके सलीम की हत्या कर दी। मृतक के दूसरे भाई अमजद ने बताया कि सलीम की हत्या करने के बाद नदीम भागने लगा। उसे पकड़ने की कोशिश की गई तो वह हवाई फायरिंग करके भाग गया।
उधर हत्या की सूचना मिलते ही एएसपी सिटी डा. कृष्ण गोपाल सिंह, सीओ सिटी अमित कुमार पांडेय, शहर कोतवाल अवनीत मान पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद गमगीन माहौल में शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दो टीमों का गठन किया गया है।
सलीम जाने वाला था कश्मीर, सामान भी कर लिया था पैक
बेगावाला के रहने वाले सलीम की कश्मीर जाने की तैयारी धरी रह गई। उसने अपना सामान भी पैक कर लिया था और बृहस्पतिवार को वह काम करने के लिए कश्मीर निकलने वाला था। लेकिन इससे पहले ही उसके छोटे भाई नदीम ने हत्या कर दी।
हैदराबाद से आकर गांव में खोली परचून की दुकान
सलीम ने हैदराबाद में सैलून की दुकान पर काम किया था। एक साल पहले वह हैदराबाद से अपने गांव लौट आया और परचून की दुकान खोल ली थी। कभी-कभी वह बिजनौर की रावली रोड पर ई-रिक्शा भी चला लिया करता था, ताकि परिवार का खर्च चल सके। अब सलीम ने फिर से बाहर जाकर काम करने का मन बनाया। उसने जम्मू-कश्मीर में सैलून पर काम करने की तैयारी कर ली थी। परचून की दुकान वह अपनी पत्नी फरजाना के हवाले कर कश्मीर के लिए निकलने वाला था।
बुधवार को उसने पहले बिजनौर से परचून की दुकान का सामान खरीदा। इसके बाद घर पहुंचकर कश्मीर जाने के लिए कपड़े भी पैक कर लिए। बताया गया कि सलीम घर से कश्मीर जाने के लिए निकल भी पड़ा था, लेकिन बिजनौर पहुंचते-पहुंचते उसका मन बदल गया। इसके बाद वह वापस घर लौट आया। घर पहुंचकर उसने पत्नी से कहा कि अब वह कल कश्मीर जाएगा। मगर क्या पता था कि यह रात उसके जीवन की आखिरी रात साबित होगी।
बुधवार को सलीम और नदीम में हुआ था झगड़ा
परिजनों के अनुसार, बुधवार को दिन में भी सलीम और नदीम का झगड़ा हुआ था। उसके भाई मुस्तकीम ने बताया कि झगड़े के बाद भी सलीम ने अपना सामान पैक कर लिया था और कश्मीर जाने की तैयारी में लगा था। लेकिन रात में छोटे भाई नदीम ने ही उसकी जान ले ली। सलीम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे पत्नी फरजाना, 12 साल की बेटी जैनब और चार साल के बेटे अली को रोता-बिलखता छोड़ गया।