काशीपुर के दो एजेंट के खिलाफ कार्रवाई करने और रिश्तेदार को वापस लाने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
अफजलगढ़/रेहड़ (बिजनौर)। गांव कल्लूवाला निवासी युवक ने काशीपुर के दो एजेंट पर उसके रिश्तेदार को गलत वीजा पर मलयेशिया भेजने का आरोप लगाया है। वहां उसका पासपोर्ट और सामान छीन लिया गया है। युवक पुलिस को तहरीर देकर एजेंट के खिलाफ कार्रवाई करने और रिश्तेदार को वापस लाने की मांग की है।
गांव फतेहपुर धारा कल्लूवाला निवासी जयशिव पुत्र रमेश ने बताया कि कुछ समय पूर्व उन्होंने काशीपुर के प्रिया माॅल में स्थित सनराइस आफिस में संपर्क किया। इसमें एजेंट सतविन्दर सिंह उर्फ गग्गी और लालपुर बहेड़ी भगतपुर निवासी कुवंर पाल ने छह लाख 50 हजार रुपये में उनके भाई प्रदीप को जाॅर्डन और रिश्तेदार अनमोल को वर्क परमिट पर मलयेशिया भेजने की बात तय की। विश्वास कर पासपोर्ट और रुपये दे दिए गए। आरोप है कि इन लोगों ने धोखाधड़ी करते हुए भाई प्रदीप को टूरिस्ट वीजा पर जॉर्डन भेज दिया, जहां उसे कम्पनी की ओर से कोई वर्क परमिट नहीं मिला। वापस भेजने के लिए दो लाख रुपये और ले लिए गए। तब उसका भाई बमुश्किल भारत वापस आया।
रिश्तेदार अनमोल को नदियों और जंगलों के रास्ते मलयेशिया में भेजा। मलेशिया में गलत तरीके से प्रवेश करने पर पासपोर्ट और अन्य कागज छीन लिए गए। अनमोल अभी विदेश में फंसा हुआ है। उससे बातचीत भी नही हो पा रही है। इस संबंध में रेहड़ थाने और काशीपुर में भी तहरीर सौंपकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
पीड़ित ने उच्चाधिकारियों से एजेंटों के विरुद्ध कार्रवाई करने और अनमोल को भारत बुलवाने की गुहार लगाई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अन्नु कुमारी ने मामले से अनभिज्ञता जताई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई करनी की बात कही है।