सोमवार की रात शादी समारोह से लौट रहे थे दोनों
चबूतरे से टकराने से हुआ हादसा, चार बहनों का इकलौत भाई था युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
किरतपुर (बिजनौर)। बिजनौर से शादी समारोह से लौट रहे दो युवकों की कार गांव स्वाहेड़ी में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने चबूतरे से टकरा गई। इसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए दिल्ली निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गांव इस्सेपुर निवासी धर्मेंद्र सिंह का 25 वर्षीय पुत्र आकाश और उसका चचेरा भाई ऋषभ (23) पुत्र नरदेव सिंह सोमवार की रात बिजनौर निवासी दोस्त के शादी समारोह में शामिल होने गए थे। लौटते गांव स्वाहेड़ी में मुख्य बस अड्डे पर बने एक पुस्ते से उनकी कार टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार दुर्घटना ग्रस्त होते ही ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कार से दोनों युवकों को बाहर निकाला और बिजनौर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सक ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। आकाश चार बहनों का इकलौता भाई था। वह अविवाहित था।